एन.एस.एस. - आशुतोष कुमार सिंह
एन.एस.एस. के ओएसिस समन्वयक आशुतोष कुमार सिंह ने हमें बताया कि इस वर्ष ओएसिस में वे एक स्टॉल लगा रहे हैं जिसके द्वारा वे विभिन्न गैर सरकारी सामाजिक संस्थाओं का प्रचार करेंगे। इस प्रचार कार्य का हिस्सा बनने हेतु कई संस्थान पिलानी आ रहे हैं, जो मूलतः दिल्ली और जयपुर से हैं। पिछले वर्ष 13 सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया था वहीं इस वर्ष अंदाजतन 15-20 संस्थान ओएसिस आ सकते हैं। इस बार एक मूल-दल गठित किया गया है जिसका कार्य ओएसिस हेतु अधिकाधिक संख्या में निमंत्रण-पत्र भेजना है। हर साल की तरह इस बार भी वी.के. मैदान में स्टाल्स लगाए जाएँगे जहाँ सामाजिक संस्थानों द्वारा बनाई गई वस्तुओं को एन.एस.एस. के कार्यकर्ता बेचेंगे। इन सब कार्यों से जो भी मुनाफा होगा उसे ज़रूरतमंद लोगों के कल्याणार्थ उपयोग किया जाएगा। इस वर्ष एन.एस.एस. सामाजिक संस्था ‘गूँज’ के सिद्धांत का प्रचार करेंगे। आशुतोष ने हमें बताया कि अभी तक उन्हें कोई भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा है एवं अन्य डिपार्टमेंट से पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उनका मूल-कार्य है लोगों को समाज में होने वाली समस्याओं के बारे में जागृत कर देश के विकास हेतु उत्साहित करना।